भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत केंद्रीय क्षेत्र की उप-योजना “प्रधानमंत्री मत्स्य कृषक समृद्धि सह-योजना (PMMKSSY)” का संचालन किया जा रहा है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए इच्छुक मछुआरे, मत्स्य किसान, मत्स्य विक्रेता एवं मत्स्य उद्यमी भारत सरकार द्वारा विकसित नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म (NFDP) पर अपना ऑनलाइन पंजीयन कर आवेदन कर सकते हैं।
सहायक संचालक मत्स्योद्योग जिला झाबुआ श्री एस.के. बर्मन ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य कृषक समृद्धि सह-योजना के माध्यम से मत्स्य क्षेत्र से जुड़े हितग्राहियों को विभिन्न गतिविधियों एवं सुविधाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। एनएफडीपी प्लेटफॉर्म पर योजना के अंतर्गत ऋण सुविधा, मत्स्य सहकारी समितियों का सशक्तिकरण, जलीय कृषि बीमा, प्रदर्शन अनुदान, ट्रेसेबिलिटी, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण सहित अन्य गतिविधियां सम्मिलित हैं।
उन्होंने जिले के पात्र एवं इच्छुक मत्स्य कृषकों, मछुआरों, मत्स्य विक्रेताओं तथा मत्स्य उद्यमियों से योजना का लाभ लेने के लिए एनएफडीपी प्लेटफॉर्म पर पंजीयन कराने का आग्रह किया है। हितग्राही अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन कर सकते हैं।
योजना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड, हैदराबाद के टोल फ्री नंबर 1800-425-1660 अथवा कार्यालय सहायक संचालक मत्स्योद्योग, जिला झाबुआ से संपर्क किया जा सकता है।



