मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत रामा विकासखंड के पारा में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की उपस्थिति में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर श्री जितेंद्र सिंह चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार उपस्थित रहें।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सरकार का संकल्प है। जो पात्र व्यक्ति अब तक लाभ से वंचित हैं, उन्हें योजनाओं से जोड़ने के लिए यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
खास बातें
- पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा भूरिया समूह को 10 लाख रुपये तथा शारदा देवी समूह को 6 लाख रुपये की ऋण राशि के डेमो चेक प्रदान किए गए।
- बकरी पालन योजना अंतर्गत श्रीमती कांतिबाई दुलेसिंह राठौर को 77 हजार रुपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
- भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना अंतर्गत श्री अर्जुन चौहान को 2.70 लाख रुपये तथा श्री प्रकाश भयडिया को 2.50 लाख रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत जिले के अधिकारी सुबह से शासकीय संस्थाओं का भ्रमण एवं निरीक्षण करते हैं तथा दोपहर 1 बजे से शिविर आयोजित किए जाते हैं। योजनाओं का लाभ नहीं मिलने पर पात्र हितग्राही संबंधित विभाग को आवेदन दें। जिन आवेदनों का मौके पर निराकरण संभव है, उनका समाधान शिविर में ही किया जाएगा तथा अन्य आवेदनों का निराकरण संबंधित विभागों द्वारा किया जाएगा।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि शिविरों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ उपलब्ध कराकर हितग्राहियों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने का कार्य किया जा रहा है। लाड़ली लक्ष्मी एवं लाड़ली बहना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं और महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कटिबद्ध है।
मंत्री सुश्री भूरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 अक्टूबर को सरदारपुर से नर्मदा जल संबंधी योजना का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं के प्रति सरकार संवेदनशील है और क्षेत्र में बेहतर विकास कार्यों के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस वर्ष कम वर्षा की स्थिति का उल्लेख करते हुए मंत्री सुश्री भूरिया ने ग्रामीणों से पानी का सोच-समझकर उपयोग करने की अपील की। उन्होंने किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली फसलों का चयन करने तथा अपनी आवश्यकताओं एवं मवेशियों के लिए पर्याप्त पानी बचाकर रखने की समझाइश दी। महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि विभाग का दायित्व संभालने के बाद लगभग 12 हजार मिनी आंगनवाड़ी केंद्रों को मुख्य आंगनवाड़ी केंद्रों में उन्नत करने का कार्य किया गया है।
प्रभारी कलेक्टर श्री जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत अधिकारी ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने एवं निराकरण करने का प्रयास कर रहे हैं। शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है तथा कमियां मिलने पर उन्हें दूर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बिजली संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है। जल जीवन मिशन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित हो चुकी नल-जल योजनाओं में तकनीकी समस्या आने पर संबंधित ग्राम पंचायत द्वारा उसका निराकरण किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार ने कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर समस्या हैं। तेज गति से वाहन चलाना, दोपहिया वाहन पर अधिक सवारियां बैठाना एवं असुरक्षित ढंग से वाहन चलाना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। इससे वाहन चालक के साथ अन्य लोगों का जीवन भी संकट में पड़ता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नियंत्रित गति से वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता के लिए स्कूलों, महाविद्यालयों एवं अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने जिले में संचालित ‘मर्यादा’ अभियान का उल्लेख करते हुए सड़क पर संयमित व्यवहार करने एवं यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने साइबर ठगी से सतर्क रहने की समझाइश देते हुए कहा कि साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा आपात पुलिस सहायता के लिए 112 पर संपर्क करने की जानकारी दी। उन्होंने मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया।
जनप्रतिनिधि श्री सोमसिंह सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही करना है, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रत्येक शुक्रवार को अलग-अलग क्षेत्रों में क्लस्टर स्तर पर जिला स्तरीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में अपनी समस्याएं रखने एवं शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की अपील की।
शिविर में आयोजित उद्यम संवाद में उद्यानिकी विभाग की पीएमएफएमई योजना के हितग्राही श्री प्रेम बलसोरा, पशुपालन एवं डेयरी विभाग की मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना के हितग्राही श्री रमेश जामसिंह वास्केल तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की हितग्राही अनुराधा कोचरा ने सहभागिता की।
विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को किया लाभान्वित
स्वामित्व योजना अंतर्गत श्री दिलीप कुमार पिता सागरमल कोठारी, श्री गोपाल पिता शंकरसिंह, श्रीमती कलिता पति अमर डामोर, श्री मणिलाल पिता लुणाजी पंचाल एवं श्रीमती चंद्रिका पति दीपक पंचाल को रजिस्ट्री वितरित की गई।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा भूरिया समूह को 10 लाख रुपये तथा शारदा देवी समूह को 6 लाख रुपये की ऋण राशि के डेमो चेक प्रदान किए गए।
बकरी पालन योजना अंतर्गत श्रीमती कांतिबाई दुलेसिंह राठौर को 77 हजार रुपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना अंतर्गत श्री अर्जुन चौहान को 2.70 लाख रुपये तथा श्री प्रकाश भयडिया को 2.50 लाख रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए।
संरक्षित खेती योजना अंतर्गत श्री केरम सिंह डावर को नेट हाउस में खीरे की खेती के लिए 1.50 लाख रुपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत श्री साजिद खान को ऑटो पार्ट्स व्यवसाय के लिए 3.60 लाख रुपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत तन्वी, रुहांशी एवं कृतिका को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कल्याणी पेंशन योजना अंतर्गत सुनीता वास्केला एवं पारी बाई तथा दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना अंतर्गत संदीप बलोला को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश मंडलोई एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



