कार्यालय आयुक्त, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, मध्यप्रदेश द्वारा मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत निर्धारित पात्रता एवं प्रावधानों के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल https://mpom.mp.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध विज्ञप्ति से प्राप्त की जा सकती है।

योजना अंतर्गत विज्ञप्ति जारी होने की तिथि से एक माह की अवधि में प्राप्त आवेदनों को प्रथम चरण में शामिल कर चयन प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। प्रथम चरण की चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात निर्धारित सीटें रिक्त रहने की स्थिति में द्वितीय चरण के आवेदनों पर विचार किया जाएगा। इस प्रकार वित्तीय वर्ष के अंत तक निर्धारित सीटों पर चयन हेतु चरणबद्ध प्रक्रिया संचालित की जाएगी।

शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित कुल 50 सीटों पर अभ्यर्थियों के चयन के उपरांत 10 प्रतिशत सीटों की प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेजों अथवा तकनीकी समस्याओं से संबंधित किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर अभ्यर्थी विभागीय हेल्पलाइन नंबर 0755-2553329 एवं 0755-2675521 अथवा ई-मेल nodalofficerobc@mp.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं।

जिले के समस्त पात्र अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध विस्तृत दिशा-निर्देशों का अवलोकन कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करें तथा विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए संचालित इस छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठाएं।