मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ तहसील अंतर्गत आने वाले पिपलिया जत्ती गांव में 108 एम्बुलेंस सेवा की त्वरित सूझबूझ और तत्परता से एक महिला का एम्बुलेंस के अंदर ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
पिपलिया जत्ती निवासी मनीषा (पहिचान: पति अर्जुन, उम्र 23 वर्ष, जाति मेघवाल) को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों द्वारा तुरंत सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 108 पर संपर्क किया गया। सूचना मिलते ही सीएचसी (CHC) शामगढ़ की एएलएस (ALS) लोकेशन की एम्बुलेंस बिना देर किए पिपलिया जत्ती गांव के लिए रवाना हो गई।
एम्बुलेंस स्टाफ ने महिला को तुरंत वाहन में शिफ्ट किया और गरोठ सिविल अस्पताल के लिए लेकर निकले। हालांकि, अभी वे गांव के बाहर ही पहुंचे थे कि महिला को प्रसव पीड़ा अत्यधिक बढ़ गई।
कर्मचारियों की सूझबूझ से बची जान:
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए एम्बुलेंस में तैनात इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) मुकेश दांगी और पायलेट विजय मालवीया ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए गाड़ी को रास्ते में ही रोक दिया और सुरक्षित डिलीवरी कराने का निर्णय लिया।
दोनों स्वास्थ्यकर्मियों के बेहतरीन प्रयासों और पेशेवर सूझबूझ से महिला ने एक स्वस्थ बालिका को जन्म दिया।
प्रसव के बाद एम्बुलेंस स्टाफ द्वारा जच्चा और बच्चा दोनों को पूरी सावधानी के साथ सिविल हॉस्पिटल गरोठ में सुरक्षित भर्ती कराया गया। वर्तमान में महिला और नवजात शिशु दोनों स्वस्थ्य हैं। समय पर मिली इस जीवनरक्षक चिकित्सा सेवा के लिए महिला और उनके परिजनों ने 108 एम्बुलेंस सेवा तथा उसमें तैनात पूरी टीम का आभार व्यक्त किया और उनकी सराहना की।

