जिले में गणेश उत्सव के समापन अवसर पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा पर्यावरणीय दृष्टि को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा विभिन्न स्थानों पर कृत्रिम विसर्जन कुंड तैयार किए गए हैं। इन कुंडों में श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है।
इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने आज नगर के मुशरान वन में बनाए गए कृत्रिम विसर्जन कुंड एवं बरमान का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने संबंधित अमले को आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने तथा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर जिले में प्रशासन एवं पुलिस द्वारा समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पुलिस, राजस्व विभाग एवं होमगार्ड का अमला विसर्जन स्थलों पर मुस्तैदी से तैनात है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से विसर्जन कराने में सहयोग कर रहा है।
कृत्रिम विसर्जन कुंड में प्रतिमा विसर्जन की अपील
प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित कृत्रिम विसर्जन कुंडों में ही करें और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें। विसर्जन के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थानों पर ही प्रतिमा विसर्जित करने तथा नदी एवं अन्य जलस्रोतों में विसर्जन से बचने का अनुरोध किया गया है।






