कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। यह पुनरीक्षण कार्य 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक संपन्न किया जाएगा।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) छिन्दवाड़ा सहित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। वहीं जिले के अन्य अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए।
खास बातें
- आयोग के निर्देशानुसार 21 एवं 22 नवंबर तथा 05 एवं 06 दिसंबर 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
- वहीं मतदाता के नाम, पिता/पति के नाम, आयु, रिश्ते अथवा लिंग संबंधी विवरण में त्रुटि होने पर संबंधित मतदाता प्रारूप-8 के माध्यम से संशोधन के लिए आवेदन कर सकता है।
- जिला स्तर पर मतदाता सहायता केन्द्र का दूरभाष क्रमांक 07162-244669 है।
मतदान केन्द्रों पर प्राप्त किए जाएंगे दावे-आपत्तियां- बैठक में बताया गया कि निर्वाचक नामावली के प्रकाशन अवधि के दौरान प्रत्येक मतदान केन्द्र पर बीएलओ उपस्थित रहकर मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। इस दौरान 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल किए जाएंगे।
आयोग के निर्देशानुसार 21 एवं 22 नवंबर तथा 05 एवं 06 दिसंबर 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन चारों दिवसों में अवकाश होने के बावजूद सभी बीएलओ अपने मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
पांच नए मतदान केन्द्रों के साथ जिले में अब 1599 मतदान केन्द्र - बैठक में बताया गया कि 1200 से अधिक मतदाताओं वाले जिले के पांच मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के प्रस्ताव को भारत निर्वाचन आयोग से अनुमोदन प्राप्त हो गया है। इसके बाद जिले में मतदान केन्द्रों की संख्या 1594 से बढ़कर 1599 हो गई है।
नए मतदान केन्द्रों में विधानसभा क्षेत्र 122 जुन्नारदेव के मतदान केन्द्र क्रमांक 49 खमराजेठू, विधानसभा क्षेत्र 123 अमरवाड़ा के मतदान केन्द्र क्रमांक 45 भोईपार (सरेखा ढाना) एवं 156 पठारा तथा विधानसभा क्षेत्र 126 छिन्दवाड़ा के मतदान केन्द्र क्रमांक 123 कुदवारी एवं 207 जैतपुर कला शामिल हैं। इन पांचों नए मतदान केन्द्रों पर निर्वाचक नामावली के प्रकाशन अवधि में पहली बार बीएलओ द्वारा दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
सभी मतदान केन्द्रों पर बीएलए नियुक्त करने की अपील - बैठक में उपस्थित सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि वे नए मतदान केन्द्रों सहित जिले के सभी 1599 मतदान केन्द्रों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति शीघ्र पूर्ण करें। नियुक्त बीएलए की अद्यतन सूची मोबाइल नंबर सहित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश भोपाल को प्रेषित करें तथा इसकी एक प्रति जिला निर्वाचन कार्यालय छिन्दवाड़ा एवं संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराएं। बैठक में सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियां एवं आयोग से अनुमोदित मतदान केन्द्रों की अद्यतन सूची निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।
नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों की जानकारी दी - बैठक में बताया गया कि निर्वाचक नामावली के प्रारूप प्रकाशन अवधि में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अथवा किसी कारणवश निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज नहीं करा पाए पात्र नागरिक अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-6 में आवेदन कर सकते हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्णय अनुसार नाम जोड़ने के लिए प्रस्तुत किए जाने वाले प्रारूप-6 के साथ घोषणा पत्र में अतिरिक्त जानकारी प्रस्तुत करने की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है।
इसी प्रकार किसी मतदाता की मृत्यु होने, स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित होने अथवा निर्वाचक नामावली में नाम की दोहरी प्रविष्टि होने की स्थिति में मतदान क्षेत्र का कोई भी मतदाता नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 में आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। वहीं मतदाता के नाम, पिता/पति के नाम, आयु, रिश्ते अथवा लिंग संबंधी विवरण में त्रुटि होने पर संबंधित मतदाता प्रारूप-8 के माध्यम से संशोधन के लिए आवेदन कर सकता है। ये आवेदन संबंधित बीएलओ के पास जमा किए जा सकते हैं।
मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क एवं हेल्पलाइन की व्यवस्था - आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन कार्यालय छिन्दवाड़ा एवं प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में हेल्पडेस्क स्थापित की गई है। इसके माध्यम से आम मतदाताओं को निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन संबंधी कार्यों में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला स्तर पर मतदाता सहायता केन्द्र का दूरभाष क्रमांक 07162-244669 है। इसके अतिरिक्त ई-दक्ष केन्द्र छिन्दवाड़ा में कॉन्टैक्ट सेंटर स्थापित किया गया है, जिसकी टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 है।
व्यापक प्रचार-प्रसार एवं बीएलए से समन्वय के निर्देश - बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारी (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) एवं तहसीलदार (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) को निर्देशित किया गया कि निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के संबंध में स्थानीय निकायों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से समन्वय कर नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। स्थानीय स्तर पर भी प्रेस नोट जारी कर नागरिकों को पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। साथ ही बीएलओ को निर्देशित किया जाए कि वे राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ समन्वय स्थापित कर उनके सहयोग से पुनरीक्षण कार्य को संपन्न कराएं।

