मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिंगनोद के नवीन भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अब नवीन भवन में शिफ्ट हो रहा है तथा यहां उपचार का कार्य भी प्रारंभ हो गया है। नवीन भवन में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने से क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र के दवाई वितरण कक्ष का निरीक्षण कर उपलब्ध दवाइयों एवं स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने एक-एक दवाई की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने उपस्थित चिकित्सक से मरीजों के उपचार, ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या तथा प्रतिमाह होने वाले प्रसव की जानकारी भी ली।

कलेक्टर ने अस्पताल में आवश्यक फर्नीचर एवं बाउंड्री वॉल के कार्य को लेकर पीआईयू के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह में बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्यों का एस्टीमेट तैयार करवाएं तथा कार्य को शीघ्र पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें।