मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत सरवन परिसर में जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं अन्य जिलाधिकारियों ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान एएसपी, एसडीएम श्री सुनील जायसवाल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी बाई चारेल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
सरवन में स्वामित्व योजना के तहत दोबारा सर्वे कराने की पहल
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि ग्राम सरवन में स्वामित्व योजना के अंतर्गत पूर्व में किया गया सर्वे ठीक से नहीं हुआ प्रतीत होता है, जिसके कारण पात्र लोगों को पट्टे नहीं मिल पा रहे हैं। इस विषय को राज्य शासन के संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्तमान पट्टा वितरण की प्रक्रिया के बाद आगामी दो से तीन माह में स्वामित्व-2 के तहत दोबारा सर्वे कराया जा सकेगा। इससे पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
खास बातें
- किसानों को ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई योजनाओं की जानकारी देते हुए ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी गई।
- किसान क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि छोटे किसान भी सहकारी बैंक के माध्यम से केसीसी का लाभ ले सकते हैं।
- इससे किसानों को खाद सहित कृषि संबंधी आवश्यकताओं के लिए सुविधा मिलती है।
उद्यमी संवाद में युवाओं ने साझा किए अनुभव
शिविर में उद्यमी संवाद का आयोजन भी किया गया। इसमें युवा उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। उद्यमी नागूलाल ने बताया कि उन्होंने उद्यानिकी विभाग की योजनाओं के माध्यम से पॉलीहाउस स्थापित किया। इसके लिए ऋण एवं अनुदान प्राप्त किया, जिससे अब उन्हें अच्छी फसल मिल रही है।
किसानों को ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई योजनाओं की जानकारी देते हुए ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी गई। बताया गया कि इन प्रणालियों से पानी की बचत के साथ बेहतर फसल उत्पादन किया जा सकता है तथा शासन द्वारा अनुदान भी दिया जाता है।
किसान क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि छोटे किसान भी सहकारी बैंक के माध्यम से केसीसी का लाभ ले सकते हैं। समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज नहीं लगता। इससे किसानों को खाद सहित कृषि संबंधी आवश्यकताओं के लिए सुविधा मिलती है। किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया। कृषि विभाग द्वारा सरसों के बीज की व्यवस्था की जानकारी दी गई। उद्यानिकी विभाग ने पीएमएफएमई योजना के बारे में भी बताया।
नागरिकों ने रखीं विभिन्न समस्याएं
शिविर में नागरिकों ने जमीन पर कब्जा दिलाने, नामांतरण, अतिक्रमण हटाने, भूमि एवं मंदिर भूमि विवाद, राशन कार्ड बनवाने, आवास निर्माण, स्वामित्व सर्वे तथा मकान का पट्टा दिलाने जैसी समस्याएं रखीं।
ग्रामीणों ने अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, रात्रि में डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहने तथा एंबुलेंस की समस्या से भी अवगत कराया। इसके अलावा सरवन में कृषि मंडी प्रारंभ करने और पेयजल समस्या के निराकरण की मांग रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित विषयों पर राज्य स्तर पर भी चर्चा करने की बात कही।



