कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऊषा परमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष अभियान की जानकारी प्रदान कर मतदाता सूची में नए पात्र और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने की अपील की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अब किसी भी नागरिक को वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए घोषणा पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य नहीं है। बीएलओ द्वारा डोर-टू-डोर संपर्क कर वोटर लिस्ट में नाम शामिल करने के लिए प्रारूप-6 भरवाया जाएगा। लगभग एक माह तक संचालित इस अभियान में बीएलओ द्वारा निरंतर फार्म-6 प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इस कार्य में राजनैतिक दलों से भी अधिकाधिक नाम शामिल करवाने में सहयोग की अपेक्षा है। बैठक में जानकारी दी गई कि नाम जोड़ने के लिए 9 अक्टूबर तक मतदान केन्द्र स्तर पर तीन दिवसीय शिविर भी लगाया जा रहा है। गत 29 सितम्बर से बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर आवेदन प्राप्त करने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। 7 अक्टूबर 2026 की स्थिति में जिले की सभी तीन विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या 7 लाख 54 हजार 81 है। मतदाता सूची में नवीन नाम जोड़ने के लिए गत आठ दिवस में कुल 2 हजार 94 आवेदन प्राप्त किए गए हैं। एक जनवरी 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाता भी विशेष अभियान में नाम शामिल करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस अभियान में पुनः पात्र नागरिकों को वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का अवसर मिला है। इसलिए बूथ लेवल एजेन्ट द्वारा भी संबंधित बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने गांव-गांव तक अनाउंसमेंट एवं मुनादी के जरिए भी प्रचार-प्रसार कर प्रत्येक पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही बीएलओ के कार्यों की मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए लापरवाही पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की बात कही। बैठक में उपस्थित राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों की शंकाओं व प्रश्नों का समाधान किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मधुवंतराव धुर्वे एवं निर्वाचन पर्यवेक्षक उमाशंकर दुबे भी उपस्थित रहे।