भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पूर्ण होने के पश्चात वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। अभियान की तैयारियों व प्रचार-प्रसार के संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही अब तक के क्रियान्वित कार्यों की समीक्षा भी की। इस मौके पर कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी वीसी कक्ष में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मधुवंतराव धुर्वे, निर्वाचन पर्यवेक्षक उमाशंकर दुबे एवं जनसंपर्क अधिकारी देवेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को सभी मतदान केन्द्रों पर तीन दिवसीय विशेष कैम्प आयोजित किए जाएं। इस क्रम में पन्ना जिले के समस्त 1004 मतदान केन्द्रों में भी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। बीएलओ द्वारा मतदान केन्द्रों पर पात्र मतदाताओं से नाम जोड़ने के लिए आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। वीसी में निर्देशित किया गया कि प्री-एसआईआर की मतदाता सूची में जिनके नाम थे और वर्तमान सूची में नाम नहीं हैं, उनकी तैयार की गई सूची अनुसार नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाएं। आवश्यकता मुताबिक ऑनलाइन फॉर्म भी भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अब फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 के साथ घोषणा पत्र नहीं लिया जाना है। सभी शैक्षणिक संस्थाओं में भी विशेष शिविर आयोजित कर गत एक अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा आगामी एक जनवरी को निर्धारित आयु पूर्ण करने वाले मतदाताओं के नाम भी शामिल करवाने की कार्यवाही की जाए। इस दौरान विगत 6 माह में एक भी नाम शामिल न करने वाले बीएलओ और बीएलओ सुपरवाईजर के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही तथा मानदेय का भुगतान न करने के लिए भी निर्देशित किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समस्त निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को संपन्न हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस के परिप्रेक्ष्य में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।