ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को उनकी आवासीय संपत्ति का कानूनी अधिकार दिलाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से गांवों में आबादी भूमि पर बने मकानों का सर्वे कर पात्र परिवारों को स्वामित्व अभिलेख एवं रजिस्ट्री प्रदान की जा रही है। इसी योजना का लाभ ग्राम पिपलखुटा निवासी श्री महेन्‍द्र सिंह सोनगरा को भी मिला है।

श्री महेन्‍द्र सिंह सोनगरा ने बताया कि वह पिछले करीब 40 वर्षों से अपने मकान में निवास कर रहे थे। लंबे समय से मकान में रहने के बावजूद उनके पास स्वामित्व का कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं था। इस कारण मकान पर कानूनी स्वामित्व साबित करने में परेशानी होती थी।

स्वामित्व योजना के अंतर्गत वर्ष 2024 में उन्हें मकान का पट्टा प्रदान किया गया। अब योजना के तहत उनके मकान की रजिस्ट्री भी हो गई है। रजिस्ट्री मिलने से उन्हें अपने मकान का वैधानिक स्वामित्व प्राप्त हुआ है। साथ ही भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर बैंक से ऋण लेने की सुविधा भी मिल सकेगी।

श्री महेन्‍द्र सिंह सोनगरा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने मकान का मालिकाना हक मिल गया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण परिवारों को उनके मकान का अधिकार दिलाने में बहुत उपयोगी साबित हो रही है।